Home चित्रकूट विशेष चित्रकूट में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार;...

चित्रकूट में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; बोलेरो सीज

0

चित्रकूट-जनपद में अवैध गतिविधियों एवं विस्फोटक सामग्री के परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मारकुण्डी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष मारकुण्डी दीपक कुमार के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विजय प्रकाश तिवारी पुलिस टीम के साथ वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:52 बजे थाना तिराहा, ग्राम किहुनिया के पास बोलेरो वाहन संख्या UP 96 S 5721 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी मिली।
पुलिस के अनुसार, वाहन से करीब 199 किलोग्राम वजन के 08 अदद जिलेटिन (बारूद) के झड़, 100 अदद लाल रंग के फ्यूज, लाल रंग के तार के 07 बंडल, 1 किलो 990 ग्राम पाउडर के दो प्लास्टिक पैकेट तथा 955 ग्राम पाउडर का एक अन्य पैकेट बरामद किया गया।
मौके पर मौजूद वाहन सवार दोनों व्यक्तियों से विस्फोटक सामग्री के परिवहन के संबंध में वैध अभिलेख मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीगोपाल मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा (55 वर्ष) पुत्र महानन्द मिश्रा तथा पप्पू पुत्र स्वर्गीय मजराम तिवारी, निवासी ग्राम भौरी, थाना रैपुरा, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना मारकुण्डी में मु0अ0सं0 69/2026 के तहत धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं बरामद बोलेरो वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version