Home चित्रकूट विशेष चित्रकूट में यातायात माह नवंबर-2026 का भव्य शुभारंभ, डीएम-एसपी ने जागरूकता रैली...

चित्रकूट में यातायात माह नवंबर-2026 का भव्य शुभारंभ, डीएम-एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

0

चित्रकूट। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ किया गया। पुरानी बस स्टैंड कर्वी से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद आरके पटेल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक चित्रकूट-बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय, क्षेत्राधिकारी नगर सत्येंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात करिश्मा गुप्ता, यातायात प्रभारी हरिराम यादव एवं कोतवाली कर्वी प्रभारी निरीक्षक अभयराज सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात माह के शुभारंभ का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति नागरिकों को जिम्मेदार बनाना है। जागरूकता रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना और नशे की हालत में वाहन न चलाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे नवंबर माह में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

चित्रकूट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। थोड़ी सी सावधानी किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version