चित्रकूट। दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने परिक्रमा मार्ग सहित प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने यूपीटीयू से निर्मोही अखाड़ा तक नवनिर्मित मीडियन, साक्षी गोपाल गेट, वीरजाकुंड, भरत मिलाप मंदिर, जलेबी वाली गली, संस्कृत विद्यालय एवं बरहा के हनुमान मंदिर सहित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को दीपावली मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यूपीटीयू से निर्मोही अखाड़ा तक बने मीडियन के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आर्किटेक्ट को मीडियन में बड़े-बड़े आकर्षक गमलों में सुंदर पौधे लगाने तथा अधिशासी अधिकारी को नियमित साफ-सफाई और बॉर्डर पर आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने वाले वेंडरों को मेले से पहले हटवाने को कहा। यूपीएमपी बॉर्डर पर पुराने डिवाइडरों के स्थान पर फाइबर के नए डिवाइडर लगाने तथा सीमा पर लगे बोर्डों को आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने साक्षी गोपाल गेट के पास बने शौचालय का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने शौचालय में काले रंग की टाइल्स लगाने और दीवारों पर ब्रिक फसाड टाइल्स लगवाने के निर्देश दिए, ताकि बार-बार रंगाई-पुताई की आवश्यकता न पड़े। पर्यटन अधिकारी को रामायण दर्शन की बाउंड्रीवॉल पर रामायण थीम आधारित आकर्षक चित्रकारी कराने को कहा।
सीसीटीवी कैमरों की वायरिंग को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी तारों को ट्रेंच के माध्यम से डाला जाए, जिससे बंदरों द्वारा तारों को नुकसान पहुंचाने की समस्या से बचा जा सके। वीरजाकुंड के पास कुंड से संबंधित जानकारी देने वाला आकर्षक साइनेज बोर्ड लगाने तथा समीप स्थित शौचालय की रंगाई-पुताई और आवश्यक संकेतक बोर्ड लगवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग और उससे सटी बाउंड्रीवॉल की फेंसिंग के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
भरत मिलाप मंदिर के पास खाली पड़ी भूमि को श्रद्धालुओं के बैठने के लिए आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सौंदर्यीकरण के दौरान वहां स्थित पहाड़ी के मूल स्वरूप और संरचना से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इस कार्य के लिए साडा के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
जलेबी वाली गली में विद्युत पोल को हटाने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं संस्कृत विद्यालय के पास खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण कर वहां फर्श निर्माण के माध्यम से श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था विकसित करने की संभावना जताई गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्वी को भूमि की पैमाइश कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बरहा के हनुमान मंदिर के सामने हो रहे निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी ने साडा के अधिकारियों को जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य नियमानुसार और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परिक्रमा मार्ग में कुल 25 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने मेले के दौरान सभी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नवंबर के अंतिम सप्ताह तक 100 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले साउंड सिस्टम लगाए जाने की भी जानकारी दी गई। इन साउंड सिस्टम के माध्यम से रामधुन और भक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे, जिससे परिक्रमा मार्ग का वातावरण भक्तिमय बनाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली मेले से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम आवागमन और चित्रकूट की धार्मिक एवं पर्यटन संबंधी सुंदरता को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ. कंचन, उपजिलाधिकारी कर्वी अजय यादव, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं आर्किटेक्ट मौजूद रहे।



