चित्रकूट। जनपद के राजापुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत नादिन कुर्मीयान गांव में दशकों से चली आ रही नाली की जल निकासी बाधित होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नाली का रास्ता बंद कर दिए जाने से पानी की निकासी रुक गई है और गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। जलभराव के चलते एक ग्रामीण का कच्चा मकान भी ढह गया।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ग्रामीणों ने समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद अर्चना नितिन उपाध्याय स्वयं नादिन कुर्मीयान गांव पहुंचीं और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान कराने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार दूसरे पक्ष द्वारा नाली खोलने पर सहमति नहीं जताई गई। इसके बाद समाजसेविका ने राजापुर की एसडीएम पूजा गुप्ता से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई घरों का पानी जिस नाली से होकर बाहर निकलता था, उसे बंद कर दिया गया है। निकासी बाधित होने के कारण नाली का गंदा पानी घरों में पहुंच रहा है। उनका कहना है कि लगातार जलभराव से मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ गंदगी और बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में जल निकासी वाले स्थान पर दीवार खड़ी कर दी गई, जिससे समस्या और गंभीर हो गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।



