Home चित्रकूट विशेष सड़क हादसे में घायलों के लिए देवदूत बने एसपी अरुण कुमार सिंह,...

सड़क हादसे में घायलों के लिए देवदूत बने एसपी अरुण कुमार सिंह, अपने सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

0

सुरौधा गांव के पास सड़क पर गड्ढे के कारण हुआ हादसा, एसपी ने तत्काल रुककर दिखाई संवेदनशीलता; सीएचसी मऊ में चल रहा घायलों का उपचार

चित्रकूट। खाकी वर्दी का फर्ज केवल कानून-व्यवस्था संभालना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देना भी है। इसका उदाहरण शनिवार को उस समय देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की मदद के लिए तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया और उन्हें अपने सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को थाना मऊ क्षेत्र के ग्राम सुरौधा के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार महिला और एक युवती घायल हो गईं। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह अपने एस्कॉर्ट के साथ उसी मार्ग से गुजर रहे थे। दुर्घटना को देखते ही उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने बिना समय गंवाए अपने एस्कॉर्ट कर्मियों की मदद से दोनों घायलों को अपने सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही थाना मऊ पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल सुरक्षित कब्जे में लेने तथा घायलों के परिजनों को सूचना देने के निर्देश भी दिए।

एसपी के इस मानवीय कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि सड़क हादसे के समय बिना देर किए घायलों की मदद करना और उन्हें अस्पताल पहुंचाना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।

एसपी ने की सावधानी बरतने की अपील

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा खराब सड़कों और गड्ढों पर विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता है।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version