Home चित्रकूट विशेष पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग करने वाले अभियुक्त को 7 साल की...

पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग करने वाले अभियुक्त को 7 साल की सजा

0

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चित्रकूट पुलिस की प्रभावी पैरवी लाई रंग, न्यायालय ने लगाया 6 हजार रुपये का अर्थदंड

चित्रकूट। पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के करीब नौ साल पुराने मामले में न्यायालय ने एक अभियुक्त को सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अभियुक्त पर छह हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। यह फैसला 21 नवंबर 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक कोर्ट चित्रकूट के न्यायालय द्वारा सुनाया गया।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लंबित मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को सजा दिलाने के अभियान में चित्रकूट पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी बलराम सिंह, पैरोकार आरक्षी प्रशान्त कुमार, प्रभारी मॉनिटरिंग सेल कमल किशोर एवं उनकी टीम ने मामले की लगातार पैरवी की। वहीं अपर जिला शासकीय अधिवक्ता गोपाल दास ने न्यायालय में प्रभावी बहस और साक्ष्य प्रस्तुत किए।

न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक कोर्ट चित्रकूट के न्यायाधीश राममणि पाठक ने थाना कोतवाली कर्वी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 647/2017 में अभियुक्त रज्जन पटेल पुत्र कमतू उर्फ कामता पटेल निवासी ग्राम छतिरपुर, थाना कोतवाली कर्वी को दोषसिद्ध पाते हुए सात वर्ष के सश्रम कारावास और छह हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

गैंग के साथ जंगल में जुटे थे बदमाश

पुलिस के अनुसार, घटना 13 जून 2017 की है। उस समय उपनिरीक्षक सुजीत कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंग लीडर ललित पटेल अपने साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में कोढ़न जंगल में इकट्ठा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो ललित पटेल अपने साथियों के साथ बातचीत करता मिला। पुलिस टीम ने जब सभी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो आरोप है कि बदमाशों ने एक राय होकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान पुलिस टीम ने अभियुक्त रज्जन पटेल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली कर्वी में धारा 147, 148, 149, 307, 34 आईपीसी तथा 12/14 डीएए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना उपनिरीक्षक रामवीर सिंह ने पूरी करते हुए 2 अप्रैल 2018 को आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था।

लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद आखिरकार पुलिस की प्रभावी पैरवी और अभियोजन पक्ष की मजबूत दलीलों के चलते अभियुक्त को सजा सुनाई गई। चित्रकूट पुलिस ने इसे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत न्यायालय में प्रभावी पैरवी का परिणाम बताया है।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version