चित्रकूट- 12 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को चित्रकूट पुलिस द्वारा जनपदभर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके अलावा नगर, राजापुर एवं मऊ के क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालय परिसरों में तथा जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने थाना परिसरों में पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण नियंत्रित करने और मानव जीवन को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।



