लोगों को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की दी गई सलाह
चित्रकूट, 28 नवंबर। न्यायालय परिसर चित्रकूट में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से लगाए गए स्टॉल का जिला जज सुनील कुमार पंचम ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल पर की गई व्यवस्थाओं, लंबित चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा आमजन को दी जा रही यातायात जागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त की।
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर यातायात पुलिस द्वारा स्टॉल के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लंबित चालानों को नियमानुसार जमा कराकर मौके पर ही निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे लोगों को चालानों के निस्तारण में सहूलियत मिली।
इस दौरान यातायात पुलिस कर्मियों ने लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज गति और शराब के नशे में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने और यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी हरिराम यादव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सुरक्षित जीवन की कुंजी है। सभी लोग स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम हो सके।



