चित्रकूट। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी के शिकार लोगों को राहत दिलाने के लिए चित्रकूट पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में साइबर सेल चित्रकूट एवं जनपद के विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने संयुक्त प्रयास करते हुए 32 साइबर अपराध पीड़ितों के कुल 3 लाख 18 हजार 235 रुपये वापस उनके बैंक खातों में कराए हैं। ठगी की रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने साइबर क्राइम सेल चित्रकूट की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय के पर्यवेक्षण में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए ठगी की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 32 व्यक्तियों के साथ विभिन्न तरीकों से साइबर धोखाधड़ी कर कुल 3 लाख 18 हजार 235 रुपये की ठगी की गई थी। पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल में नियुक्त प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह, आरक्षी प्रशांत कुमार और आरक्षी सर्वेश कुमार ने संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित किया। गृह मंत्रालय की धनराशि वापसी प्रक्रिया MRM (Money Restoration Module) के माध्यम से अथक प्रयास कर पूरी रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।
APK फाइल डाउनलोड करने से बचें, साइबर ठगी के नए तरीकों से रहें सतर्क
साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अनजान नंबरों से फोन कॉल, फर्जी लिंक, संदिग्ध एप्लीकेशन और APK फाइल के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके अलावा जालसाज गूगल अकाउंट और जीमेल आईडी हैक कर मोबाइल नंबर व रिकवरी ईमेल बदल देते हैं, जिससे पीड़ित अपने अकाउंट का एक्सेस खो बैठते हैं।
अकाउंट हैक होने के बाद अपराधी गूगल ड्राइव में सुरक्षित फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट्स का दुरुपयोग कर सकते हैं। साथ ही पीड़ित के गूगल अकाउंट का इस्तेमाल अन्य वेबसाइटों पर पंजीकरण कर आपराधिक गतिविधियों में भी किया जा सकता है।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने दी ये सलाह
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने आमजन से अपील की है कि वे अपने ऑनलाइन खातों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।
– अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर किसी भी व्यक्ति की बातों में आकर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
– मोबाइल फोन में किसी भी अनजान या संदिग्ध एप्लीकेशन और APK फाइल को डाउनलोड न करें।
– अपनी OTP किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
– ई-मेल, SMS, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आने वाली संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
– गूगल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित सभी ऑनलाइन अकाउंट में टू-स्टेप वेरिफिकेशन हमेशा चालू रखें।
– गूगल अकाउंट के सिक्योरिटी कोड किसी के साथ साझा न करें।
– पासवर्ड में अपना मोबाइल नंबर या जन्मतिथि न रखें। मजबूत अल्फान्यूमेरिक पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड या ऑनलाइन ठगी की घटना होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को खाते में रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।





