चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में दर्शन-पूजन कर अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ सोमवार की देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामनगर के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का गुल्ला निकल जाने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो पुरुष और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और थाना रैपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में राधेकृष्ण उर्फ गोवर्धन (50) निवासी उचगांव, खीरी, प्रयागराज, त्रिवेणी (50) निवासी बसहट, रीवा मध्य प्रदेश, शिवांश (6) तथा पुष्पराज (8) शामिल हैं।
हादसे में घायल 12 लोगों में सात की हालत गंभीर बताई गई, जबकि पांच को आंशिक चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के समय मेला ड्यूटी में तैनात क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद एवं थानाध्यक्ष रैपुरा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
चित्रकूट से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार की मौत, 12 घायल
RELATED ARTICLES





