एसपी अरुण कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा का संदेश, पढ़कर सुनाया गया डीजीपी का संदेश
चित्रकूट। पुलिस बल के शौर्य, साहस, त्याग और अटूट कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद चित्रकूट में विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थानों एवं चौकियों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस ध्वज फहराकर पूरे सम्मान के साथ सलामी दी गई और पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया गया।
कार्यक्रम के क्रम में पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। वहीं क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात श्रीमती करिश्मा गुप्ता ने अपने कार्यालय में तथा क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद ने थाना राजापुर में ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। इसके साथ ही जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश के माध्यम से पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति समर्पण को याद करते हुए आमजन के बीच पुलिस की विश्वसनीयता और विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पुलिस ध्वज की गरिमा, शौर्य, बलिदान और सेवा भावना को आत्मसात करते हुए पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



