भूमि विवादों के मामलों में राजस्व, चकबंदी और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश, शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर दिया जोर
चित्रकूट। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सभागार राजापुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता चित्रकूटधाम मंडल बांदा के आयुक्त अजीत कुमार एवं चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने की।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय, उपजिलाधिकारी राजापुर पूजा गुप्ता तथा क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
आयुक्त एवं डीआईजी ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर का निरीक्षण किया तथा निस्तारण आख्या की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण किया जाए, उसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि फरियादी को अपनी समस्या के समाधान की वास्तविक स्थिति पता चल सके।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को निर्देश दिए कि राजस्व, चकबंदी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। साथ ही भूमि संबंधी विवादों में अवैध कब्जों को नियमानुसार हटवाकर पीड़ितों को राहत दिलाई जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित किया जाए।





