कोतवाली से निकली कलश यात्रा ने पूरे कर्वी नगर को किया राममय, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा ट्रैफिक चौराहा; 16 से 19 नवंबर तक वृंदावन के कलाकार करेंगे रासलीला का मंचन
चित्रकूट/कर्वी। प्रभु श्रीराम की तपोस्थली धर्मनगरी चित्रकूट के मुख्यालय कर्वी में रविवार को राम-जानकी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह से ही नगर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे नगर को राममय कर दिया। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया, वहीं हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु जय श्रीराम और जय जानकी माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
कलश यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह नगरवासियों ने यात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की।
कोतवाली से शुरू हुई यात्रा, प्रमुख मार्गों से होते हुए पहुंची ट्रैफिक चौराहा
भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ कोतवाली परिसर से हुआ। यहां से यात्रा स्टेशन रोड, शम्भू बाबू पेट्रोल पंप और पटेल तिराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ट्रैफिक चौराहा पहुंची। यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान, शरबत और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा पूरे उत्साह के साथ आयोजन में शामिल हुए। पुलिस प्रशासन की व्यवस्था के बीच यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता बने मुख्य यजमान
राम-जानकी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मुख्य यजमान नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में पूजा-अर्चना, हवन, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
16 से 19 नवंबर तक वृंदावन की रासलीला बनेगी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव के अंतर्गत 16 नवंबर से 19 नवंबर तक प्रतिदिन शाम को ट्रैफिक चौराहा पर वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा भव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का सजीव एवं मनमोहक चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि रासलीला के दर्शन और मंचन का आनंद लेने के लिए कर्वी नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
21 नवंबर को विशाल भंडारे के साथ होगा समापन
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला का समापन 21 नवंबर को विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर मुख्य यजमान एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि राम-जानकी जी की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का यजमान बनने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे नगर की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने सभी नगरवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।





