Home चित्रकूट विशेष एसपी ने विनय नगर, काली घाटी में बच्चों संग मनाई दीपावली, बांटी...

एसपी ने विनय नगर, काली घाटी में बच्चों संग मनाई दीपावली, बांटी मिठाई और शिक्षण सामग्री

0

चित्रकूट। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को उत्सव में शामिल करने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए चित्रकूट पुलिस ने आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े क्षेत्र के बच्चों के साथ दीपावली मनाकर उन्हें खुशियों की सौगात दी। शनिवार, 07 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह थाना मानिकपुर क्षेत्र के ग्राम सरैंया के मजरा विनय नगर, काली घाटी पहुंचे। यहां उन्होंने 50 से अधिक स्कूली बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कक्षा एक से छह तक के बच्चों को मिठाई, मोमबत्ती और पटाखे वितरित किए। साथ ही बच्चों को नोटबुक और पेन देकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि शिक्षा से अर्जित ज्ञान ही मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे पियेगा वह दहाड़ेगा। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पहाड़े सुनाए, वहीं एक छोटी बच्ची ने अंग्रेजी में वन, टू, थ्री से लेकर ट्वेंटी तक गिनती सुनाकर सभी को प्रभावित किया। कक्षा छह के एक होनहार छात्र ने पुलिस अधीक्षक द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब पूरे आत्मविश्वास के साथ दिए। बच्चों की प्रतिभा देखकर एसपी ने उनकी जमकर सराहना की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन बच्चों को बेहतर परिवेश, उचित मार्गदर्शन और शिक्षा का अनुकूल वातावरण मिले तो ये न केवल अपना भविष्य संवारेंगे, बल्कि अपनी मिट्टी और देश का नाम भी रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में गांव की महिलाएं और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस के आमंत्रण को स्वीकार कर आयोजन में सहभागिता की और इस दीपावली को यादगार बनाया।

अंत में एसपी ने समस्त ग्रामवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने परिवार, गांव, समाज तथा देश का नाम रोशन करें।

चित्रकूट पुलिस की इस पहल ने जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां बांटने के साथ ही शिक्षा, प्रोत्साहन और उज्ज्वल भविष्य का प्रेरक संदेश भी दिया।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version