शिवरामपुर में यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के साथ सड़क सुरक्षा के बताए नियम
चित्रकूट। यातायात माह नवंबर के तहत गुरुवार को बाल शिक्षा निकेतन खुटहा शिवरामपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात श्रीमती करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात हरिराम यादव ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तीन सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, बिना लाइसेंस और कम उम्र में वाहन न चलाने तथा सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों को यातायात संकेतों के चार्ट दिखाकर उनके अर्थ समझाए गए। स्कूल बस और वैन में यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा खिड़की से हाथ और सिर बाहर न निकालने की भी सीख दी गई। यातायात प्रभारी ने बच्चों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए उपयोगी बताया।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।





