अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने दिलाई संविधान के आदर्शों पर चलने की शपथ, जिले के कई विद्यालयों में हुआ सामूहिक पाठ; विश्व रिकॉर्ड बनाने की पहल में निभाई सहभागिता
चित्रकूट, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी का परिसर देशभक्ति, एकता और संवैधानिक मूल्यों के उद्घोष से गूंज उठा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, न्यायिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। सुबह 8:55 से 9:05 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से एक ही समय पर देशभर में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की पहल में सहभागिता की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान पूरा परिसर ‘हम भारत के लोग’ के उद्घोष से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने हाथ उठाकर संविधान के आदर्शों पर चलने, कानून का पालन करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
संविधान भारत की आत्मा, युवा पीढ़ी इसे जीवन में उतारे : अपर जिला जज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला जज रेनू मिश्रा ने कहा कि 26 नवंबर का दिन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का दिन है। इसी दिन वर्ष 1949 में भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए हैं। इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्य ही हमारे लोकतंत्र की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है, जो विविधताओं के बावजूद पूरे देश को एक सूत्र में बांधता है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे संविधान को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि उसके मूल्यों और आदर्शों को समझकर अपने जीवन में भी अपनाएं। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी है। युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और संविधान के प्रति उसकी जागरूकता से मजबूत लोकतंत्र का निर्माण होगा।
जिले के विद्यालयों में एक साथ हुआ प्रस्तावना का पाठ
जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बताया कि इस आयोजन में केवल चित्रकूट इंटर कॉलेज ही नहीं, बल्कि जनपद के अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया, जिससे एक साथ अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास को मजबूती मिले।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति जागरूक करना है। देशभर में एक ही समय पर एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ करना राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संवैधानिक प्रतिबद्धता का संदेश देता है।
इस अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं गीतकार लालमन ने अपनी रचना ‘देश व्यवस्था को लाने जो बना दिवो विधान, वह है अपनो संविधान’ गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया। गीत के माध्यम से उन्होंने संविधान की महत्ता और उसके प्रति सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई विद्यार्थियों ने इतने बड़े आयोजन में एक साथ प्रस्तावना पढ़ने को अपने लिए गौरवपूर्ण अनुभव बताया।
कई शिक्षण संस्थानों में भी मनाया गया संविधान दिवस
आयुष्मान वानप्रस्थ विश्वविद्यालय के निदेशक बलवीर सिंह की पहल पर नगर के शंकर बाजार स्थित दृष्टिहीन बालिका विद्यालय, साधो प्रसाद पब्लिक स्कूल, भाभा कान्वेंट स्कूल, एसडीएम कॉलोनी कर्वी, आर्किड पब्लिक स्कूल, पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कछार पुरवा तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिवरामपुर में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना दोहराई और उसमें निहित आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन की शपथ ली।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी, पीएलवी बलबीर सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात करिश्मा गुप्ता, मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य जेपी मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी सुरेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह चौहान, श्रीनिवास त्रिपाठी, अनुशासन अधिकारी फूलचंद चंद्रवंशी, प्रवक्ता विजय कुमार पांडेय, जयशंकर प्रसाद ओझा, डॉ. प्रदीप सिंह, प्रोफेसर रामगोपाल दुबे, रामबचन सिंह, एनसीसी अधिकारी सुनील शुक्ला, ऋषि कुमार शुक्ला, रामेश्वर प्रसाद प्रजापति, डॉ. ज्ञानेंद्र, चौधरी शंकर प्रसाद यादव, रमेश सिंह, डॉ. आलोक शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। हजारों छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से कार्यक्रम यादगार बन गया।



