भाई-भाई ढाबे के पास सड़क किनारे रोती मिली थी बच्ची, घर का पता नहीं बता पाने पर पुलिस ने गांव-गांव जाकर की तलाश
चित्रकूट। ऑपरेशन मुस्कान के तहत चौकी शिवरामपुर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रास्ता भटककर घर से दूर पहुंची पांच वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। अपनी बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने चित्रकूट पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार 25 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे भाई-भाई ढाबे के पास सड़क किनारे एक लगभग पांच वर्षीय बच्ची रोती हुई मिली। चौकी शिवरामपुर पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर प्यार से पूछताछ की। बच्ची ने अपना नाम राजकुमारी और पिता का नाम जगतनारायण बताया, लेकिन वह अपने गांव और घर का पता बताने में असमर्थ थी।
बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह घर से दाल लेने के लिए सड़क की ओर आई थी, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वापस घर नहीं पहुंच पा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्ची के परिजनों का पता लगाने के लिए आसपास के ग्राम प्रधानों और संभ्रांत लोगों से संपर्क किया। जब कोई ठोस जानकारी नहीं मिली तो पुलिसकर्मियों ने खुद सड़क किनारे स्थित विभिन्न गांवों में पहुंचकर बच्ची के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद ग्राम बहादुरपुर, चौकी सीतापुर क्षेत्र में जानकारी मिली कि जगतनारायण केवट पुत्र कृष्ण केवट निवासी ग्राम बहादुरपुर की पांच वर्षीय बच्ची लापता है। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाकर बच्ची की पहचान सुनिश्चित की और उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
काफी देर से लापता बच्ची को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखों में खुशी छलक उठी। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से एक परिवार की चिंता दूर हुई और मासूम राजकुमारी फिर से अपने घर पहुंच गई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत शिवरामपुर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना हो रही है।





