Home चित्रकूट विशेष साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 82.71 लाख रुपये कराए होल्ड,...

साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 82.71 लाख रुपये कराए होल्ड, 49.95 लाख पीड़ितों को वापस

0

चित्रकूट। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चित्रकूट पुलिस की साइबर सेल एवं डी-4-सी (District Cyber Crime Co-ordination Center) द्वारा वर्ष 2026 में उल्लेखनीय कार्यवाही की गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकान्त राय के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ साइबर अपराधियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की है। वर्षभर में साइबर सेल ने 82 लाख 71 हजार 844 रुपये की ठगी की रकम विभिन्न बैंकों एवं पेमेंट गेटवे के माध्यम से होल्ड कराई, जबकि न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 49 लाख 95 हजार 704 रुपये पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराए गए।

साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह एवं उनकी टीम के आरक्षी प्रशांत कुमार तथा सर्वेश कुमार द्वारा की गई कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में जनपद में कुल 1515 साइबर संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 914 शिकायतें ऑनलाइन वित्तीय ठगी से संबंधित थीं, जबकि 601 शिकायतें सोशल मीडिया पर उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणी, फर्जी प्रोफाइल एवं अन्य साइबर अपराधों से जुड़ी थीं। पुलिस टीम ने सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की।

दो करोड़ से अधिक की ठगी, 82 लाख रुपये कराए होल्ड

वित्तीय ठगी के 914 मामलों में पीड़ितों के कुल 2 करोड़ 21 लाख 97 हजार 256 रुपये ठगे गए थे। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंकों और पेमेंट गेटवे से समन्वय स्थापित कर 82 लाख 71 हजार 844 रुपये होल्ड कराए। इनमें से न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर 49 लाख 95 हजार 704 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए जा चुके हैं। यह कार्रवाई साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत पहुंचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

72 मुकदमे दर्ज, छह साइबर अपराधी गिरफ्तार

साइबर अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध जनपद में कुल 72 अभियोग पंजीकृत किए गए। इनमें 38 मामले वित्तीय धोखाधड़ी तथा 34 मामले यौन शोषण सामग्री के विक्रय एवं प्रचार और महिलाओं व बालिकाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी से संबंधित रहे। इसके अलावा पेट्रोल पंपों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम खपाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं महिलाओं से संबंधित साइबर अपराधों में भी तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।

636 संदिग्ध मोबाइल नंबर चिह्नित, 567 कराए ब्लॉक

साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे संदिग्ध मोबाइल नंबरों और डिवाइसों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। साइबर सेल द्वारा कुल 636 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने के लिए भेजा गया, जिनमें से 567 नंबर ब्लॉक कराए जा चुके हैं। इसके साथ ही साइबर अपराध में प्रयुक्त 463 संदिग्ध मोबाइल डिवाइसों के IMEI नंबर भी ब्लॉक कराए गए।

आपत्तिजनक पोस्ट हटवाईं, 50 हजार लोगों को किया जागरूक

सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली 12 आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और अन्य कंटेंट को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाया गया। वहीं साइबर अपराधों से बचाव के लिए जनपद के लगभग 580 स्थानों पर स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी कार्यालयों में जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से 50 हजार से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

एसपी की अपील: ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की रकम को रोकने और वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। विशेष रूप से शुरुआती दो घंटे यानी गोल्डन ऑवर में शिकायत दर्ज कराना बेहद महत्वपूर्ण है।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version