मौतों और घायलों की संख्या में भी आई कमी, डीएम पुलकित गर्ग ने सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे संकेतक, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान
चित्रकूट। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास अब असर दिखाने लगे हैं। वर्ष 2025 के अक्टूबर माह में जहां जिले में 305 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं, वहीं वर्ष 2026 के अक्टूबर तक इनकी संख्या घटकर 261 रह गई है। इसी तरह सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों एवं घायलों की संख्या भी 158 से घटकर 147 हो गई है। यह जानकारी जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में आई कमी संतोषजनक है, लेकिन सड़क हादसों को और कम करने के लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर उनके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही बार-बार दुर्घटनाएं होने वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार कराने पर जोर दिया।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एवं यातायात प्रभारी को संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं। जिन स्थानों पर तेज रफ्तार के कारण हादसों की आशंका अधिक रहती है, वहां गति सीमा के संकेतक भी अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।
पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की क्रमवार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसमें दर्ज एफआईआर, दाखिल आरोपपत्र (चार्जशीट) और निरस्त किए गए ड्राइविंग लाइसेंस का पूरा विवरण शामिल हो। इसके अलावा ओवरलोडिंग करने वाले ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने से लेकर एंबुलेंस के घटनास्थल पर पहुंचने तक का समय तथा घायलों को उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता का नियमित रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इससे एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम और स्वास्थ्य सुविधाओं की तत्परता का आकलन किया जा सकेगा।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सड़कों पर गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल मरम्मत कराने और राष्ट्रीय राजमार्गों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार, एनएच बांदा एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-731ए से संबंधित अधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





