Home चित्रकूट विशेष 27 मार्च को 22 लाख दीपों से जगमगाएगी प्रभु श्रीराम की तपोस्थली

27 मार्च को 22 लाख दीपों से जगमगाएगी प्रभु श्रीराम की तपोस्थली

0

चित्रकूट -आगामी 27 मार्च, 2026 को आयोजित होने वाले चैत्र रामनवमी एवं ‘चित्रकूट गौरव दिवस’ को भव्य एवं स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद के प्रमुख मठ-मंदिरों, अखाड़ों के महंतों, साधु-संतों, धर्मशाला व आश्रम संचालकों, होटल व लॉज स्वामियों सहित व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और समस्त विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने सभी पक्षों से समन्वय स्थापित कर इस आयोजन को जन-उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा सामूहिक रूप से 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे जिलाधिकारी ने जन-उत्साह को देखते हुए विस्तारित करते हुए 22 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इस दीपोत्सव में पण्डा, नाविक, टैक्सी समाज, व्यापारिक संगठनों, सभासदों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
महोत्सव की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि रामघाट पर सायं काल भव्य दीपदान के साथ-साथ निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
स्थानीय एवं लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन। दीवारी नृत्य: बुंदेलखंड की पारंपरिक लोक कला का सजीव चित्रण।प्रमुख स्थलों पर भव्य रंगोली एवं आकर्षक आतिशबाजी।
समस्त आयोजन स्थल पर चाक-चौबंद प्रशासनिक एवं सुरक्षा।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि चित्रकूट गौरव दिवस जन-भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी विभाग, सामाजिक संगठन और मीडिया प्रतिनिधि आपसी सहयोग से इस गौरवशाली आयोजन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पर्व के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों हेतु आश्वस्त किया।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version