चित्रकूट- जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चित्रकूट के एक स्कूल में प्रधानाध्यापिका जमीन पर लेटी हुई है और छात्राओं से मालिश करा रही है। बताया जा रहा है कि मामला चित्रकूट जिला मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय में काफी समय से शिक्षण कार्य को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि पढ़ाई के बजाय बच्चों से अन्य कार्य कराए जाते हैं। इसी बीच सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
मोबाइल चलाते हुए मिली प्रधानाध्यापिका
वायरल वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जमीन पर लेटी हैं और आसपास मौजूद छात्राएं कथित रूप से उनकी मालिश करती नजर आती हैं। बताते हैं कि वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि प्रधानाध्यापिका मोबाइल चला रही हैं। इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। जांच में मामला सही मिला अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय इसलिए भेजते हैं कि अध्यापिकाओं की सेवा करें। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी बीके शर्मा ने बताया कि उन्होंने संबंधित खंड शिक्षाधिकारी से इसकी जांच कराई। इसमें यह पुष्टि हुई कि आरोप सही हैं। इस पर प्राथमिक विद्यालय नया बाजार की प्रधानाध्यापिका मधु राय को निलंबित कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो प्राथमिक विद्यालय नया बाजार कर्वी भाग-1 नगर क्षेत्र कर्वी, चित्रकूट का है। स्कूल में कार्यरत मधु राय हैं। विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं से हाथ पैर दबवाने और बाल कढ़वाने से संबंधित खबर वायरल हो रही है, जिसको संज्ञान में लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र कर्वी को जांच सौंपी गई थी। शिक्षिका मधु राय ने किया इनकार
खण्ड शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को जांच की, जिसमें मधु राय चिकित्सीय अवकाश पर मिलीं, जबकि सहायक अध्यापक भरत कुमार पाण्डेय और शिक्षा मित्र कल्पना देवी उपस्थित मिलीं। इस संबंध में फोन पर मधु राय से जानकारी मांगी गई, जिसमें उनके द्वारा पत्र लिखकर वॉट्सऐप पर भेजा गया। उन्होंने बच्चों से मालिश कराए जाने से इनकार किया है।
बीएसए ने की कार्रवाई
वहीं, विद्यालय में उपस्थित बच्चों और रसोइयों ने हाथ-पैर दबवाने व बाल कढ़वाने की पुष्टि की। विद्यालय में कुल पंजीकृत 68 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष शुक्रवार को मात्र 7 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। एमडीएम रजिस्टर में अन्य तिथियों में अधिक छात्र-छात्राओं का अंकन पाया गया। जांच में पुष्टि होने के बाद मधु राय को निलंबित कर दिया गया है



