चित्रकूट- जनपद में पर्यटन विकास एवं नगर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से रामघाट, बेड़ी पुलिया, सीतापुर के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रामघाट के समीप वाहन पार्किंग की विवादित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि भूमि का राजस्व अभिलेखों के अनुसार परीक्षण कराकर यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाए तो उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
तत्पश्चात रामघाट पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रामघाट प्रवेश द्वार पर लगे पोस्टर व पंपलेट को देखकर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, नगरपालिका परिषद को निर्देशित किया कि इन्हें तत्काल हटाते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए पोस्टर एवं बैनरों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिशासी अधिकारी कर्वी को निर्देशित किया कि प्रचार सामग्री के लिए विधिवत टेंडर प्रक्रिया कराई जाए, जिससे नगर निकाय को राजस्व की प्राप्ति हो सके।
तत्पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सीतापुर में लगभग ₹1122.58 लाख की लागत से निर्माणाधीन पर्यटन सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाउंड्रीवाल से सटी निर्माणाधीन इमारत के संबंध में निर्देशित किया कि बाउंड्री से लगी दीवार हटाकर नियमानुसार निर्माण कराया जाए। गेट के पास रखे लकड़ी के स्टॉल को भी तत्काल हटाने तथा संबंधित पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात्। यूपीटीयू चौराहे का निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी कर्वी ने अवगत कराया कि यूपीटीयू सेल्फी प्वाइंट के पीछे गाटा संख्या 1148 पर बंधन योजना के अंतर्गत पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने टेंडर की स्थिति की जानकारी प्राप्त की, जिस पर अधिशासी अधिकारी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी सोमवार तक संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें तथा आवश्यकतानुसार अपनी निधि से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए।
इसके उपरांत बेड़ी पुलिया क्षेत्र में सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि भविष्य में बढ़ती भीड़ एवं मेलों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के लिए पर्याप्त भूमि चिन्हित की जाए। साथ ही रामसैया क्षेत्र के समीप भी पार्किंग हेतु भूमि चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए।
बेड़ी पुलिया चौराहे के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुझाव दिया कि चौराहे को अर्धचक्राकार विकसित किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और पार्किंग की भी व्यवस्था की जा सके। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी कर्वी को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से लगने वाली दुकानों को हटाकर यात्री शेड एवं शौचालय से आगे भूमि का समतलीकरण कर वेंडिंग जोन विकसित किया जाए, जिससे व्यवस्थित ढंग से दुकानों का संचालन हो सके। साथ ही रैंप बनाकर वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी विकसित करने के निर्देश दिए। बेड़ी पुलिया से सूरज कुंड जाने वाली सड़क के संबंध में जिलाधिकारी ने चौराहे पर आवश्यक चौड़ीकरण अपने मद से कराए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कर्वी, तहसीलदार तथा अधिशासी अधिकारी कर्वी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद में पर्यटन विकास एवं नगर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज DMपुलकित गर्ग एवं SP अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से रामघाट, बेड़ी पुलिया, सीतापुर के क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
RELATED ARTICLES





